राजनीतिक पार्टियों को पिछले साल मिले चंदे में बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) का नाम सबसे ऊपर है. चुनाव आयोग के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सबसे ज्यादा चंदा बीएसपी के बैंक खाते में और सबसे कम आम आदमी पार्टी के खाते में जमा हुआ.
चुनाव आयोग को मिली पार्टियों की ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक बीएसपी के बैंक खातों में पिछले साल दिसंबर में 670 करोड़ रुपए जमा हुए थे. मायावती की पार्टी बीएसपी के बाद उसकी गठबंधन सहयोगी समाजवादी पार्टी (सपा) का नंबर है. सपा के बैंक खातों में 471 करोड़ रुपए जमा हुए हैं.
चुनाव आयोग पहुंची कांग्रेस की सालाना ऑडिट रिपोर्ट में बताया गया है कि कांग्रेस के खातों में पिछले साल सिर्फ 196 करोड़ रुपए ही जमा हुए थे. जबकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तो अपने खातों में सिर्फ 82 करोड़ रुपए ही जमा कराए थे. चुनाव आयोग के सूत्रों से यह जानकारी सामने निकल कर आई है.
चंदे की ऑडिट रिपोर्ट में कहा गया है कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) और आम आदमी पार्टी के बैंक खातों में 3-3 करोड़ रुपए जमा कराए गए थे. पिछले महीनों हुए चार राज्यों के विधान सभा चुनावों में सबसे ज्यादा चंदा बीजेपी को मिला और यह रकम 342 करोड़ रुपए थी. सबसे कम 3 करोड़ रुपए समाजवादी पार्टी को मिले. गौरतलब है कि फरवरी-मार्च में सभी पार्टियों को अपनी ऑडिट रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को सौंपनी होती है.